देश की खबरें | महाराष्ट्र:मवेशी ले जा रहे व्यक्ति की ‘गौ रक्षकों’ ने ‘पीट-पीट’ कर हत्या की

मुंबई,14 जून महाराष्ट्र के नासिक जिले में वाहन में मवेशी ले जा रहे एक व्यक्ति की कथित तौर पर ‘गौ रक्षकों’’ ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि 10 जून को लुकमान अंसारी का शव इगतपुरी इलाके के घाटनदेवी में खाई से बरामद हुआ और तब यह घटना सामने आई।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने अब तक छह गौ रक्षकों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अधिकारी ने कहा कि सभी आरोपी दक्षिणपंथी संगठन राष्ट्रीय बजरंग दल से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि अंसारी अपने दो सहयोगियों के साथ आठ जून को अपने टेंपो में मवेशियों को लेकर जा रहा था तभी ठाणे जिले के साहापुर में विहिगांव में लगभग 10-15 लोगों ने उन्हें रोका।

उन्होंने कहा कि इन लोगों ने टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया और वाहन को इगतपुरी इलाके के घाटनदेवी ले जाने से पहले चार मवेशियों को मुक्त कर दिया।

अधिकारी के अनुसार, उन्होंने टेंपो एक निर्जन स्थान पर रोका और तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी, इस दौरान अंसारी के सहयोगी वहां से बच निकले लेकिन वह नहीं भाग पाया।

आरोपियों ने दावा किया है कि अंसारी की मौत खाई में गिरने से हुई लेकिन पुलिस को संदेह है कि पिटाई के कारण उसकी मौत हुई है।

पुलिस ने इस संबंध में दो मामले दर्ज किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)