देश की खबरें | महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: उम्मीदवारी वापस लेने के बाद कांग्रेस ने सुधीर ताम्बे को निलंबित किया

नयी दिल्ली, 15 जनवरी कांग्रेस ने महाराष्ट्र में द्विवार्षिक विधान परिषद चुनाव की दौड़ से नाम वापस लेने वाले अपने नेता सुधीर ताम्बे को रविवार को पार्टी से निलंबित कर दिया।

सुधीर ताम्बे ने कुछ दिन पहले ही अपना नाम वापस लेते हुए अपने बेटे को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की थी। कांग्रेस ने सुधीर ताम्बे को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया था।

कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य-सचिव तारिक अनवर ने पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी से समिति ने ताम्बे को उनके खिलाफ जांच पूरी होने तक निलंबित करने का फैसला किया है।

महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बृहस्पतिवार को उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई जब पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार सुधीर तांबे ने बृहस्पतिवार को चुनावी दौड़ से हटने की घोषणा की और कहा कि उनका बेटा वर्तमान में उनके निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेगा।

विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव 30 जनवरी को होंगे और बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के पूर्व अध्यक्ष बालासाहेब थोराट के रिश्तेदार सुधीर तांबे पिछले तीन कार्यकाल (18 वर्ष) से महाराष्ट्र विधान परिषद में नासिक डिवीजन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और पार्टी ने उन्हें फिर से अपना उम्मीदवार बनाया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)