देश की खबरें | महाराष्ट्र : हिंसा प्रभावित अकोला में इंटरनेट सेवाएं बहाल, चुनिंदा इलाकों में कर्फ्यू जारी रहेगा

(फाइल फोटो के साथ)

अकोला, 16 मई महाराष्ट्र के हिंसा प्रभावित अकोला शहर में मंगलवार को इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गईं और दुकानें खुल गईं, लेकिन फिलहाल चुनिंदा इलाकों में कर्फ्यू जारी रहेगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुराने शहर के संवेदनशील इलाके में 13 मई की रात भड़की हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने अब तक 115 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने पुराने शहर और रामदास पेठ पुलिस थानों में छह मामले दर्ज किए। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हुई है तथा आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय सक्सेना ने मंगलवार को पुराने शहर और डाबकी रोड के दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर उनका निरीक्षण किया। उन्होंने आम नागरिकों से बातचीत भी की।

अकोला (शहर) के पुलिस अधीक्षक संदीप घुगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हिंसा के कारण बंद हुई दुकानें आज फिर से खुल गईं। इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। हालांकि, पुराने शहर और डाबकी रोड पुलिस थानों की सीमा के अंतर्गत आने वाले इलाकों में रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। ’’

शहर में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है, जिसमें दंगा नियंत्रण पुलिस (आरसीपी) और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के कर्मी शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय सक्सेना ने विशेष पुलिस महानिरीक्षक, अमरावती मंडल, एसआरपीएफ अधिकारियों और एसपी के साथ स्थिति की समीक्षा बैठक की।

उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है।

हिंसा की जांच की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर घुगे ने कहा कि अकोला पुलिस ने दंगों के सिलसिले में हिरासत में लिए गए आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस हिंसा के मूल कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसमें यह भी पता लगाया जा रहा है कि हिंसा भड़काने वाले कौन थे और उनका मकसद क्या था।’’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने अकोला हिंसा को लेकर कहा कि कुछ ऐसे संगठन एवं लोग हैं, जो चाहते हैं कि राज्य अस्थिर रहे, लेकिन सरकार उन्हें सबक सिखाएगी।

इससे पहले राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री गिरीश महाजन ने दावा किया कि अकोला में दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प संभवत: ‘‘सुनियोजित साजिश’’ के तहत हुई। महाजन ने रविवार को प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)