देश की खबरें | महाराष्ट्र सरकार शिवाजी महाराज के जीवन को दर्शाने के लिए छह ‘शिव सृष्टि’ परिसर स्थापित करेगी

मुंबई, 14 जून महाराष्ट्र सरकार आने वाली पीढ़ियों को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके समय के बारे में जानकारी देने के लिए राज्य में छह स्थानों पर ‘‘शिव सृष्टि’’ परिसर स्थापित करेगी। एक मंत्री ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य के पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि ये परिसर महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) की पहल का हिस्सा होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में छह स्थानों पर ‘शिव सृष्टि’ के निर्माण के लिए 410 करोड़ रुपये का बजटीय आवंटन किया गया है। ये परिसर शिवनेरी (पुणे), गोराई (मुंबई), बुलढाणा, औरंगाबाद, नासिक और रामटेक (नागपुर) में स्थापित होंगे।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘इन परिसर में शिवाजी महाराज के दौर पर केंद्रित थीम पार्क शामिल होंगे और इसमें पुस्तकालय और संग्रहालय भी होंगे। ये परिसर एक साल में बनकर तैयार हो जाएंगे।’’

लोढ़ा ने कहा कि शिवनेरी में संग्रहालय शिवाजी महाराज के बचपन को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी मुंबई के गोराई में 25 एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जहां शिवाजी महाराज की सैन्य शक्ति को प्रदर्शित करने के लिए एक युद्ध संग्रहालय बनाया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि बुलढाणा में मराठा योद्धा की मां जीजाबाई को समर्पित एक संग्रहालय होगा, जबकि औरंगाबाद में एक संग्रहालय शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर केंद्रित होगा।

नासिक में संग्रहालय शिवाजी महाराज के शासन को प्रदर्शित करेगा, जबकि रामटेक में ‘हिंदवी स्वराज’ संग्रहालय होगा।

इसके अलावा, सरकार नासिक जिले के भागुर में दिवंगत हिंदुत्व विचारक वी.डी. सावरकर के जीवनकाल को समर्पित एक थीम पार्क भी स्थापित करेगी। साथ ही इसी तरह का थीम पार्क पुणे जिले के लोनावाला के पास कर्ला में स्थापित किया जाएगा, जो चाणक्य के जीवन पर केंद्रित होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)