देश की खबरें | महाराष्ट्र: व्यक्ति की निजी जानकारियों का प्रयोग कर कंपनियां बनाईं, आयकर नोटिस से धोखाधड़ी पता चली

ठाणे (महाराष्ट्र), 18 अगस्त महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 42-वर्षीय एक व्यक्ति की निजी जानकारियों का दुरुपयोग कर दो कंपनियां बनाई गईं और उनके जरिये करीब 42 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह अपराध तब सामने आया जब एक निजी फर्म में ‘स्टोरकीपर’ के रूप में काम करने वाले उल्हासनगर निवासी एक व्यक्ति को आयकर (आईटी) विभाग की ओर से 46 लाख रुपये से अधिक का कर चुकाने का नोटिस प्राप्त हुआ।

मामूली वेतन वाले एक व्यक्ति को 22 मई को आयकर विभाग का एक नोटिस मिला, जिसमें उसे कुछ कर का भुगतान करने के लिए कहा गया था। इसके बाद, उसे 46.23 लाख रुपये के एकमुश्त कर की मांग को लेकर नोटिस भेजे गए।

उस व्यक्ति ने आईटी विभाग से पूछताछ की और पाया कि उसके पैन, आधार और अन्य व्यक्तिगत विवरणों का इस्तेमाल करके उल्हासनगर के एक सहकारी बैंक में दो चालू खाते खोले गए थे।

अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि उस व्यक्ति के दस्तावेजों का इस्तेमाल करके ‘हरि ओम टेक्सटाइल्स’ और ‘तुलसी ट्रेडर्स’ नामक दो कंपनियां बनाई गईं और उनके नाम पर चालू खाते खोले गए।

अधिकारी ने बताया कि 2014 से 2017 के बीच दोनों चालू खातों के जरिये 41.91 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने 12 अगस्त को उल्हासनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और जालसाजी जैसे अपराधों से संबंधित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)