देश की खबरें | महाराष्ट्र: हत्या के मामले में राकांपा विधायक और छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज

पुणे, 13 मई महाराष्ट्र के पुणे जिले में 48 वर्ष के एक व्यक्ति की हत्या में कथित भूमिका को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक विधायक और छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी।

विधायक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है।

अधिकारी ने कहा कि पीड़ित किशोर अवारे की शुक्रवार को जिले के तालेगांव दाभाडे इलाके में छह व्यक्तियों के एक समूह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसकी मां सुलोचना अवारे ने तालेगांव पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने राकांपा के विधायक सुनील शेलके, श्याम निगाडकर, सुधाकर शेलके, संदीप गारड और तीन अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सुनील शेलके मावल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

अधिकारी ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी में, शिकायतकर्ता ने कहा है कि अवारे मावल तालुका में एक प्रमुख चेहरा थे और उन्होंने ‘‘विधायक शेल्के के इशारे पर की जा रही अवैध गतिविधियों’’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

पीड़िता की मां के अनुसार, उनका बेटा स्थानीय राजनीतिक निकाय ‘जनसेवा विकास समिति’ का अध्यक्ष था और सामाजिक कार्य करता था। उन्होंने आरोप लगाया है कि मावल तालुका में अवारे की सियासत के कारण विधायक शेलके के लिए खतरा उत्पन्न हो गया था।

विधायक शेलके ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग इस मामले में राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने शनिवार को यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘किशोर और मेरे बीच मतभेद थे, लेकिन वे केवल राजनीति तक ही सीमित थे। कुछ लोग जानबूझकर इस मामले को सिर्फ मेरी बेइज्जती करने के लिए दूसरे स्तर पर ले जा रहे हैं। हमें कानून पर भरोसा है। सत्य की जीत होगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)