देश की खबरें | महाराष्ट्र: बस-ट्रक टक्कर में 10 लोगों की मौत, शिंदे ने दिए जांच के आदेश

मुंबई/नासिक, 13 जनवरी महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार सुबह एक निजी बस और ट्रक के बीच टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक निजी पर्यटक बस ठाणे जिले के अंबरनाथ से अहमदनगर जिले में शिरडी जा रही थी। बस में सवार अधिकतर लोग अंबरनाथ स्थित एक कंपनी के कर्मचारी थे। ये लोग अपने परिवार के साथ शिरडी जा रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक दंपति, मां-बेटी और एक किशोरी भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जहां ट्रक का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया, वहीं, बस एक तरफ से लगभग कट गई।

एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले छह लोग अंबरनाथ तहसील में मोरिवली गांव के निवासी थे।

उन्होंने बताया कि हादसा मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नार तहसील में पठारे शिवर के पास सुबह करीब छह बजे हुआ।

राज्य राजमार्ग नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना स्थल के पास दो-लेन के सिन्नार-शिरडी खंड के एक हिस्से को कुछ काम के लिए बंद कर दिया गया था।

हादसे में बचे साजिद खान ने कहा कि बस की गति तेज थी और दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बस की आखिरी सीट पर बैठे खान ने बताया कि निजी कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों सहित 50 से अधिक यात्री बस में सवार थे।

खान ने कहा, ‘‘बस चालक बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था और अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते ट्रक से टक्कर हो गई।’’

उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद बस पलट गई और कुछ मीटर तक घिसटती चली गई।

जिला प्रशासन द्वारा जारी एक सूची में कहा गया है कि सभी मृतक ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहने वाले थे।

प्रशासन के मुताबिक, मृतकों की पहचान नरेश मनोहर उबाले (38), और उनकी पत्नी वैशाली नरेश उबाले 32, श्रावणी सुहास बारस्कर (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी श्रद्धा सुहास बारस्कर, प्रमिला प्रकाश गोंधली (45), बालाजी कृष्णा मोहती (25), दीक्षा संतोष गोंधली (18), आयुष्मान (5) और रोशनी राजेश वाडेकर (30) के रूप में हुई है। 15 वर्षीय एक लड़की की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति भवन ने मुर्मू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘ नासिक शिरडी राजमार्ग पर हुआ सड़क हादसा बेहद परेशान करने वाला है जिसमें महिलाओं एवं बच्चों सहित बेशकीमती जानें गयीं।’’

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और जान गंवाने वालों के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर दुख व्यक्त किया और जान गंवाने वालों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

घायलों को सिन्नार के ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल ले जाया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री शिंदे ने घटना पर दुख व्यक्त किया और जान गंवाने वालों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। सरकार घायलों के इलाज का खर्च उठाएगी।

बयान के अनुसार, शिंदे ने नासिक के संभागीय आयुक्त से बात की और उन्हें घायलों को इलाज के लिए तुरंत नासिक तथा शिरडी ले जाने और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के निर्देश दिए।

नासिक के जिलाधिकारी गंगाधरन डी. ने बताया कि नासिक के प्रभारी मंत्री दादा भुसे ने सिन्नार के एक अस्पताल का दौरा किया जहां कुछ घायलों का इलाज चल रहा है।

अंबरनाथ की तहसीलदार प्रशांति माने ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि मृतकों में छह लोग मोरिवली गांव के निवासी थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)