लखनऊ, तीन फरवरी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बसंत पंचमी पर महाकुंभ में तीसरे भव्य अमृत स्नान के दौरान संगम में डुबकी लगाने वाले संतों और श्रद्धालुओं को बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमृत स्नान की व्यवस्था की निगरानी के लिए सोमवार तड़के साढ़े तीन बजे से अपने सरकारी आवास स्थित ‘वॉर रूम’ में बैठक की ।
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा ‘‘महाकुंभ-2025, प्रयागराज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर पवित्र त्रिवेणी संगम में पावन अमृत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई।’’
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री अमृत स्नान के दौरान महाकुंभ में व्यवस्था पर लखनऊ स्थित अपने आवास से नजर रखे हुए हैं।
सूचना निदेशक शिशिर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी पर अमृत स्नान की व्यवस्था की निगरानी के लिए साढ़े तीन बजे से अपने सरकारी आवास स्थित ‘वॉर रूम’ में बैठक की।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), प्रमुख सचिव गृह और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से लगातार ताजा जानकारी प्राप्त की और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्नान स्थल पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करें।
उन्होंने आस्था के इस महान पर्व पर प्रशासन की तत्परता बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया, ताकि श्रद्धालु बिना किसी समस्या के संगम में स्नान कर सकें।
मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के दौरान मची भगदड़ की घटना के बाद यह अमृत स्नान हो रहा है। मौनी अमावस्या पर भगदड़ की घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी तथा 60 लोग घायल हो गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY