घटना से गुस्साए प्रदर्शनकारी रात भर पेरिस के उपनगरों में प्रदर्शन करते रहे। उन्होंने कारों तथा सरकारी भवनों को आग लगा दी। सुरक्षा प्रयासों और राष्ट्रपति के शांति के आह्वान के बावजूद, कई अन्य फ्रांसीसी शहरों एवं कस्बों में भी अशांति फैल गई।
मंगलवार को यातायात जांच के दौरान की गई 17 वर्षीय नाहेल की हत्या का वीडियो भी सामने आया है। इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग काफी आक्रोशित हैं।
नैनटेरे के अभियोजक पास्कल प्राचे ने कहा कि प्रारंभिक जांच के आधार पर, उनका निष्कर्ष है कि "हथियार के कानूनी उपयोग की शर्तों को पूरा नहीं किया गया।"
उन्होंने कहा कि जांच का नेतृत्व करने के लिए दो मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं।
फ्रांसीसी कानूनी प्रणाली के तहत जांच का नेतृत्व करने के लिए अकसर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाते हैं।
प्राचे ने कहा कि उन्होंने अनुरोध किया है कि अधिकारी को हिरासत में रखा जाए और यह निर्णय किसी अन्य मजिस्ट्रेट द्वारा किया जाना है।
नाहेल का उपनाम अधिकारियों या उसके परिवार द्वारा जारी नहीं किया गया है। पहले के बयानों में, परिवार के वकीलों ने ‘नाएल’ नाम लिखा था।
सबसे पहले झड़पें मंगलवार रात पेरिस के उपनगर नैनटेरे में और इसके आसपास भड़कीं, जहां नाहेल मारा गया था। सरकार ने बुधवार को व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की लेकिन शाम ढलने के बाद हिंसा फिर शुरू हो गई।
राष्ट्रीय पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस और अग्निशमनकर्मियों को प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने और रात भर कई जगह लगी आग को बुझाने के लिए संघर्ष करना पड़ा, जिससे स्कूल, थाने और टाउन हॉल या अन्य सार्वजनिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस ने देशभर में 150 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें से आधे से अधिक पेरिस क्षेत्र में गिरफ्तार किए गए।
घायलों की संख्या तुरंत जारी नहीं की गई।
हिंसा को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बृहस्पतिवार को एक आपातकालीन सुरक्षा बैठक की।
मैक्रों ने बैठक की शुरुआत में कहा, "ये कृत्य पूरी तरह से अनुचित हैं।"
नैनटेरे में कई वाहनों को आग लगा दी गई और प्रदर्शनकारियों ने पटाखे चलाए तथा पुलिस पर पथराव किया जिसने जवाब में आंसू गैस के गोले दागे।
अभियोजक कार्यालय के अनुसार, हत्या का आरोपी पुलिस अधिकारी हिरासत में है और बृहस्पतिवार तक प्रारंभिक आरोपों का सामना कर सकता है।
मैक्रों ने हत्या को "अक्षम्य" करार दिया और शांति का आह्वान किया। उन्होंने बुधवार को मार्सिले में संवाददाताओं से कहा, "किसी भी युवा व्यक्ति की मौत को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY