खरगोन (मध्यप्रदेश), 30 जून जिले के भीकनगांव जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) राजेश बाहेती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के दो स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार किया है।
खरगोन के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने मीडिया को बताया कि बाहेती आत्महत्या मामले की जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर बुधवार को दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
उन्होंने कहा कि बाहेती द्वारा लिखे गये सुसाइड नोट और परिजनों के बयान के आधार पर प्रारम्भिक जाँच के बाद धन्नालाल खतवासे और दुलीचंद बांके के खिलाफ भादंवि की धारा 306 (आत्महत्या करने के लिए दुष्प्रेरित करना या उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
चौहान ने बताया कि आरोप है कि ये दोनों जनपद पंचायत सीईओ के शासकीय काम को लेकर दबाब बनाते थे। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
इसी बीच, खरगोन जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रभारी प्रकाश भवसार ने इस बात की पुष्टि की है कि गिरफ्तार किये गये धन्नालाल खतवासे एवं दुलीचंद बांके भाजपा के स्थानीय नेता हैं।
उन्होंने कहा कि धन्नालाल खतवासे भाजपा के भीकनगांव जनपद अध्यक्ष रेखा बाई के प्रतिनिधि होने के साथ-साथ पति भी हैं, जबकि दुलीचंद बांके भीकनगांव जनपद उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इसकी जानकारी दी जाएगी और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सीईओ राजेश बाहेती (54) ने खरगोन जिले के भीकनगांव में अपने सरकारी निवास पर कमरे की छत में लगे एक कुंदे से रस्सी के फंदे पर लटक कर कथित तौर पर फांसी लगाकर 27 जून को आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला था जिसमें इन दोनों नेताओं पर प्रताड़ना के आरोप लगाये गये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY