देश की खबरें | मध्य प्रदेश : पुलिस मुठभेड़ में 14 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया

बालाघाट, 29 सितंबर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शुक्रवार सुबह राज्य पुलिस की विशिष्ट लड़ाकू इकाई के साथ मुठभेड़ में 14 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नक्सली की पहचान 25 वर्षीय कमलू के रूप में हुई है और वह प्रतिबंधित संगठन ‘नक्सली दलम टांडा दाडेकासा’ इकाई का सक्रिय सदस्य था।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ उस समय हुई जब राज्य पुलिस की ‘हॉक फोर्स’ रूपझर पुलिस थाने के अंतर्गत कुंडल-कोड्डापार और सौनगुडा वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही थी।

उन्होंने कहा कि 10-12 नक्सलियों के एक समूह ने ‘हॉक फोर्स’ के जवानों पर गोलीबारी की। पुलिस ने नियंत्रित और प्रभावी तरीके से जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप कमलू मारा गया।

घटना की पुष्टि करते हुए बालाघाट के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि मुठभेड़ में कुछ और नक्सली घायल हुए हैं और उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि मारे गए उग्रवादी के पास से .30-06 मेक की एक राइफल मिली है। वह बिजापुर का निवासी है और 2015 से गैरकानूनी गतिविधि का हिस्सा था।

उन्होंने कहा, "कमलू के सिर पर कुल 14 लाख रुपये का कुल इनाम था। इनाम में महाराष्ट्र सरकार द्वारा घोषित छह लाख रुपये, छत्तीसगढ़ द्वारा पांच लाख रुपये और मध्य प्रदेश सरकार द्वारा तीन लाख रुपये शामिल हैं।"

अधिकारी ने बताया कि कमलू के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण और आगजनी सहित 24 आपराधिक मामले दर्ज थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)