देश की खबरें | मध्य प्रदेश : भाजयुमो के स्थानीय नेता पर बलात्कार एवं पैसे ऐंठने का आरोप, संगठन ने पद से हटाया

जबलपुर (मध्य प्रदेश), 30 मार्च भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता राजेश श्रीवास्तव के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर बलात्कार करने एवं ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का मामला दर्ज किया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए भाजयुमो ने मामला दर्ज होने के चार दिन बाद मंगलवार को श्रीवास्तव को भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष के पद से हटा दिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) दीपक मिश्रा ने बताया कि महिला की शिकायत पर राजेश श्रीवास्तव के खिलाफ बलात्कार करने एवं ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का मामला 26 मार्च को दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि महिला ने दावा किया है कि राजेश श्रीवास्तव ने उसे शरबत में नशीला पदार्थ मिला कर पिलाया और उसके बाद उसक साथ बलात्कार किया।

मिश्रा ने बताया कि मामला यहां महिला थाना में दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि राजेश फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। उसके परिवार के सदस्य भी घर में नहीं हैं।

इसी बीच, भाजयुमो जबलपुर के अध्यक्ष रणजीत पटेल ने कहा, ‘‘बलात्कार एवं पैसे ऐंठने का मामला दर्ज होने के बाद राजेश श्रीवास्तव को भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष के पद से हटा दिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)