देश की खबरें | लुधियाना : नकद प्रबंधन कंपनी के कार्यालय से करोड़ों रुपये की लूटपाट

लुधियाना (पंजाब), 10 जून लुधियाना के न्यू राजगुरु नगर इलाके में शनिवार को हथियारबंद लुटेरे एक नकद प्रबंधन सेवा कंपनी के कार्यालय से सात करोड़ रुपये लूट ले गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे 10 लुटेरे सीएमएस सिक्योरिटीज के चार सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर उसके कार्यालय में घुस गए और फिर नकदी से भरा कंपनी का एक वाहन लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने कहा कि लुटेरे करीब सात करोड़ रुपये की नकदी ले गए। उन्होंने बताया कि कंपनी अब भी वास्तविक राशि का पता लगा रही है और लुटेरों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चला रही है।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त मंदीप सिंह सिद्धू ने यहां पत्रकारों से कहा कि घटना देर रात करीब डेढ़ बजे हुई।

उन्होंने बताया कि लुटेरों ने फरार होने के लिए नकदी से भरे जिस वाहन का इस्तेमाल किया उसे मुल्लनपुर डाखा के निकट पाया गया है। उन्होंने कहा कि वाहन में दो हथियार भी मिले हैं।

कंपनी की लापरवाही का जिक्र करते हुए सिद्धू ने कहा कि नकदी ‘करेंसी चेस्ट’ में नहीं बल्कि बाहर रखी गयी थी।

सिद्धू ने कहा कि लुटेरे डीवीआर (सीसीटीवी कैमरों के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने बताया कि लूट की घटना के समय कंपनी के करीब 16 नकदी से भरे वाहन परिसर में खड़े थे।

एक सवाल के जवाब में सिद्धू ने कहा कि पांच में से दो सुरक्षाकर्मियों के पास हथियार थे, लेकिन जब लूट हो रही थी तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

उन्होंने कहा कि गिरोह-रोधी कार्य बल और काउंटर-इंटेलिजेंस जैसी कई इकाई लूट के मामले को सुलझाने के लिए काम कर रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)