लखनऊ, सात सितम्बर कोविड-19 महामारी के कारण घोषित लॉकडाउन के कारण पांच महीने से अधिक समय से थमी रही लखनऊ मेट्रो रेल सेवा सोमवार सुबह से फिर शुरू हो गयी।
चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से लेकर मुंशीपुलिया तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर सुबह छह बजे से शुरू हुई मेट्रो सेवा में यात्रियों की ज्यादा भीड़ नहीं दिखी, लेकिन ज्यों ज्यों दिन चढ़ता गया, यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ। एक अधिकारी के मुताबिक रात 10 बजे तक लगभग 7000 यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया।
लखनऊ मेट्रो ने लॉकडाउन के बाद इस नई पारी में यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते ट्रेनों और स्टेशनों की साफ़-सफ़ाई और सैनिटाइज़ेशन के लिए व्यापक इंतजाम किया है।
यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने मुंशीपुलिया से हज़रतगंज मेट्रो स्टेशन तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।
केशव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत से जुड़ी हर छोटी से छोटी बात का हम पूरी तरह ख़्याल रखते हैं। मेट्रो तंत्र में साफ़-सफ़ाई और सैनिटाइज़ेशन की व्यवस्थाएं यह साबित करती हैं कि लखनऊ मेट्रो, शहर में मौजूद सार्वजनिक यातायात के अन्य किसी भी साधन से अधिक सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने लखनऊ मेट्रो के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की है, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित हर मानक दिशा-निर्देशों का विस्तार से जिक्र किया गया है। मेट्रो यात्री, कंपनी की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स पर इस योजना की कॉपी देख सकते हैं और आश्वस्त हो सकते हैं कि लखनऊ मेट्रो, शहर में यात्रा करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सबसे सुरक्षित साधन है।
इसके पूर्व, यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्रा ने '' को बताया कि मेट्रो की सेवाएं सुबह छह बजे शुरू हो गईं। पहले की ही तरह सोलह ट्रेनें चलाई गईं। शुरूआत में यात्रियों की संख्या कम थी लेकिन दिन चढ़ने के साथ यात्रियों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ती गयी ।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY