जरुरी जानकारी | एलएंडटी का शुद्ध लाभ तीसरी तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 3,359 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 30 जनवरी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 3,359 करोड़ रुपये रहा है।

एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 2,947 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

एलएंडटी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आमदनी 17 प्रतिशत बढ़कर 64,668 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 55,128 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने कहा कि आगामी ठेकों की मजबूत स्थिति और परियोजनाओं तथा विनिर्माण व्यवसायों में निष्पादन गति तेज होने के चलते आमदनी बढ़ी है।

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान एलएंडटी को समूह स्तर पर 53 प्रतिशत वृद्धि के साथ 1,16,036 करोड़ रुपये के अबतक के सबसे अधिक ठेके मिले।

तिमाही के दौरान, कंपनी को विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और विविध क्षेत्रों जैसे ताप विद्युत, नवीकरणीय, विद्युत पारेषण, प्रीसिजन इंजीनियरिंग, खनिज और धातु, जल, वाणिज्यिक भवन से ऑर्डर मिले।

तिमाही के दौरान 62,059 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर कुल ऑर्डर प्रवाह का 50 प्रतिशत से अधिक थे।

दिसंबर तिमाही के अंत तक समूह की ऑर्डर बुक 5,64,223 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) एस एन सुब्रह्मण्यन ने कहा, “यह तिमाही हमारे लिए मजबूती के साथ समाप्त हुई है। हमने कंपनी के इतिहास में अबतक का सबसे अधिक तिमाही ऑर्डर प्रवाह हासिल किया है, जिसके चलते हमारी ऑर्डर बुक रिकॉर्ड ऊंचाई पर है।”

उन्होंने कहा, “समय पर निष्पादन, परिचालन उत्कृष्टता और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता हमारे स्वस्थ वित्तीय प्रदर्शन में परिलक्षित होती है।”

कंपनी के अध्यक्ष एवं मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) आर शंकररमन ने वित्तीय परिणामों की घोषणा के बाद संवाददाताओं से कहा कि एलएंडटी ने सभी प्रमुख मापदंडों पर एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)