नयी दिल्ली, 24 अप्रैल लोकसभा सचिवालय ने अधिकारियों के बीच नवीन सोच को प्रोत्साहित करने एवं पेशेवर विशेषज्ञता विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन किया।
लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, दो दिवसीय चिंतन शिविर का उद्घाटन करते हुए लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि यह चिंतन शिविर लक्ष्य निर्धारित करने, रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ सचिवालय के अधिकारियों की पेशेवर विशेषज्ञता को बढ़ाने के लिए नवीन सोच को प्रोत्साहित करने का एक मंच प्रदान करेगा ।
इसके अनुसार उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों को लोगों की आकांक्षाओं से जुड़े रखने के लिए प्रशासनिक मुद्दों पर चिंतन करना है।
बयान के अनुसार सिंह ने आशा व्यक्त की कि ऐसे शिविर न केवल लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों की दक्षता को बढ़ाएंगे बल्कि सचिवालय के कामकाज में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करेंगे ।
इसमें सिंह के हवाले से कहा गया कि यह अपनी तरह की अनूठी पहल होगी, जो हर तिमाही में आयोजित की जाएगी । उन्होंने कहा कि इस तरह प्रयास लीक से हटकर सोच और टीम-भावना को बढ़ावा देते हैं।
बयान के अनुसार, दो दिनों तक चलने वाली इस अनूठी पहल में लोकसभा सचिवालय के 250 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे ।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY