झारखण्ड में अगले दो हफ्तों तक पहले की तरह लॉकडाउन लागू रहेगा-हेमन्त सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन में छूट को लेकर एक मई को दिए गए नये निर्देश फिलहाल झारखंड में लागू नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि श्रमिक भाई-बहन, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग विभिन्न राज्यों से अपने घर लौट रहे हैं। राज्यवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है।
रांची, चार मई झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने घोषणा की है कि राज्य में बाहर से बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों एवं छात्रों के आगमन को देखते हुए एहतियात के तौर पर राज्य में अगले दो हफ्तों तक पहले की ही तरह लॉकडाउन लागू रहेगा तथा किसी भी जोन में कोई नयी दुकानें या प्रतिष्ठान नहीं खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन में छूट को लेकर एक मई को दिए गए नये निर्देश फिलहाल झारखंड में लागू नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि श्रमिक भाई-बहन, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग विभिन्न राज्यों से अपने घर लौट रहे हैं। राज्यवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है।
इससे पूर्व रविवार को राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की अध्यक्षता में प्रमुख अधिकारियों की प्रशासकीय समिति की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया।
बाद में जारी अधिसूचना में बताया गया कि राज्य में किसी भी जोन - रेड, ऑरेंज एवं ग्रीन में किसी भी नयी गतिविधि को अभी अनुमति नहीं दी जायेगी।
इसमें बताया गया कि पहले की तरह यहां लॉकडाउन जारी रहेगा।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति ने तय किया कि पहले की ही तरह राज्य में सिर्फ अनाज, आवश्यक वस्तुओं, फल, सब्जी, दवाओं की दुकानें ही खुली रहेंगी। इसके अलावा किसी अन्य गतिविधि को अनुमति नहीं होगी।
यह तय किया गया कि राज्य में बड़ी कड़ाई से लॉकडाउन को लागू किया जायेगा।
केन्द्र सरकार द्वारा प्रवासियों को अपने क्षेत्रों में जाने की छूट दिये जाने के बाद से देश के अन्य हिस्सों में फंसे राज्य के प्रवासी श्रमिक, छात्र और पर्यटक झारखंड पहुंच रहे हैं। इसके लिए देश के अनेक भागों से विशेष ट्रेनें भी चलायी गयी हैं।
गौरतलब है कि केन्द्र सरकार ने पहली मई को जारी नयी अधिसूचना में कोरोना संक्रमण की स्थिति के अनुरूप देश केा रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटकर उनमें आवश्यक तथा व्यावसायिक गतिविधियों को सीमित छूट दी थी जो आज से पूरे देश में लागू हो गयी हैं।
इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 12:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

