एजेंसी न्यूज

लॉकडाउन: 33 श्रमिकों को दिल्ली से उत्तर प्रदेश ले जा रहा ट्रक चालक गिरफ्तार

पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

लॉकडाउन: 33 श्रमिकों को दिल्ली से उत्तर प्रदेश ले जा रहा ट्रक चालक गिरफ्तार
जमात

नयी दिल्ली, 14 मई लॉकडाउन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी से 33 प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश ले जा रहे एक ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हरि राम नामक ट्रक चालक को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और उसका वाहन भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार साउथ एक्सटेंशन-एक पर जांच के दौरान ट्रक को रोका गया। ट्रक पर “चिकित्सा आपदा सेवा प्रदाता” लिखा था।

पूछताछ करने पर ट्रक चालक ने पहले दावा किया कि वह दवाओं की आपूर्ति करने जा रहा है लेकिन वह पुलिस को दावे से संबंधित कागजात नहीं दिखा सका।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि बाद में जब पुलिस कर्मियों ने चालक के ट्रक की जांच करनी शुरू की तब उसने स्वीकार किया कि वह प्रवासी श्रमिकों को लेकर जा रहा था।

उन्होंने कहा कि ट्रक के भीतर 33 प्रवासी मजदूरों को अमानवीय तरीके से बैठा हुआ पाया गया।

श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने प्रति व्यक्ति 1,800 रुपये की दर से ट्रक बुक किया था और वाहन के मालिक को बीस हजार रुपये अग्रिम राशि के तौर पर भुगतान किया था।

ठाकुर ने कहा कि यह 33 दिहाड़ी मजदूर दिल्ली के रनहोला और मायापुरी क्षेत्र में रहते हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि 33 श्रमिकों में से 29 को रनहोला पुलिस थाने भेज दिया गया है जबकि चार श्रमिकों को मायापुरी पुलिस थाने भेज दिया गया ताकि उन्हें उनके किराए के आवास में वापस भेजा जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 08:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).