देश की खबरें | केरल में नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष से मीडिया पर लगा प्रतिबंध हटाने का आग्रह किया

तिरुवनंतपुरम, 26 फरवरी केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने सदन के अध्यक्ष ए एन शमसीर से प्रश्नकाल की कार्यवाही रिकार्ड करने पर मीडिया पर लगे प्रतिबंध को वापस लेने का आग्रह किया है।

सतीशन ने विधानसभा अध्यक्ष को रविवार को भेजे एक पत्र में कहा कि अभी मीडिया विधानसभा की कार्यवाही के फुटेज के लिए सभा टीवी पर निर्भर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सत्ता पक्ष का चैनल बन गया है क्योंकि यह विपक्ष के विरोध का प्रसारण नहीं करता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीशन ने कहा कि सदन लोकतंत्र का मंदिर है और वहां मीडिया को प्रतिबंधित करना, विशेष रूप से केरल में, विधायिका की प्रतिष्ठा को कमतर करता है तथा यह मीडिया की स्वतंत्रता के बारे में गलत संदेश भेजता है।

उनका पत्र विधानसभा के बजट सत्र के कुछ दिनों के अंतराल के बाद फिर शुरू होने से एक दिन पहले आया है।

विपक्ष के नेता ने कहा कि विगत में, ‘‘विजुअल’’ मीडिया को प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा की कार्यवाही रिकार्ड करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि कोविड का खतरा कम होने के बाद भी यह प्रतिबंध नहीं हटाया गया है।

उन्होंने विधानसभाध्यक्ष से मीडिया पर लगे प्रतिबंध को तुरंत हटाने का आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)