देश की खबरें | पंजाब में ‘आप’ सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति ‘खराब’: भाजपा नेता शेरगिल

चंडीगढ़, 16 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने शनिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल में पंजाब में ‘‘खस्ताहाल’’ कानून-व्यवस्था, मादक पदार्थों का ‘‘व्यापक पैमाने पर’’खतरा और संसाधनों की ‘‘बर्बादी’’ देखी गई है।

उन्होंने भगवंत मान सरकार पर ‘‘तानाशाहीपूर्ण और असंवैधानिक’’ तरीके से काम करने का आरोप लगाया।

शेरगिल ने एक बयान में कहा कि ‘आप’ सरकार ने अपने कार्यकाल के डेढ़ साल पूरे कर लिए हैं और जहां तक पंजाब में अपराध का सवाल है, स्थिति दयनीय है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिनदहाड़े हत्या, जबरन वसूली, लूट और गैंगवार की खबरें आम हो गई हैं और आम लोग अपने जीवन और संपत्ति को बचाने के लिए डर के साये में जी रहे हैं।’’

राज्य सरकार को उसके प्रमुख वादे पर आड़े हाथों लेते हुए शेरगिल ने मुख्यमंत्री मान से स्पष्टीकरण मांगा कि उनकी सरकार सभी महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये देने के अपने वादे को पूरा क्यों नहीं कर पाई है।

शेरगिल ने आरोप लगाया कि पंजाब में ‘‘वीआईपी संस्कृति’’ इस समय चरम पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)