जरुरी जानकारी | लार्सन एंड टुब्रो का लाभ तीसरी तिमाही में 24 प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली, 30 जनवरी इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 24.2 प्रतिशत बढ़कर 2,552.92 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।

इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 2,054.74 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।

एलएंडटी की एकीकृत परिचालन आय भी आलोच्य तिमाही के दौरान 17 प्रतिशत बढ़कर 46,389.72 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल समान तिमाही में यह 39,562.92 करोड़ रुपये रही थी।

कंपनी ने कहा, ‘‘एलएंडटी ने समाप्त दिसंबर तिमाही में 46,390 करोड़ रुपये का एकीकृत आय कमाई है। विनिर्माण परियोजना खंड में बेहतर निष्पादन और सूचना एवं प्रौद्योगिकी तथा संबद्ध सेवाओं (आईटी एंड टीएस) में निरंतर अच्छी वृद्धि से उसका लाभ बढ़ा है।’’

कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) आर शंकर रमन ने एक सम्मेलन में कहा कि बीती तिमाही के दौरान कारोबारी माहौल अनुकूल रहा। उन्होंने कहा कि इस दौरान कंपनी के राजस्व में सुधार हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)