दुर्ग (छत्तीसगढ़), 20 अक्टूबर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने दुर्ग जिले के नंदिनी क्षेत्र में स्थित खदान को चालू रखने और उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के अधिकारियों ने बताया कि कुलस्ते ने बुधवार को इस्पात संयंत्र के नंदिनी खदान क्षेत्र का दौरा किया और संयंत्र द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान खदान को चालू रखने और उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया। कुलस्ते ने भिलाई इस्पात संयंत्र के पहल से पुनर्जीवित ब्लैक स्टोन क्वारी से लाइम स्टोन परिवहन की औपचारिक शुरुआत भी की।
उन्होंने बताया कि नंदिनी माइंस का ब्लैक स्टोन क्वारी पिछले 20 वर्षों से पानी में डूबा हुआ था। बीएसपी प्रबंधन ने इस क्वारी को पुनर्जीवित करने की पहल की थी। इस दौरान क्वारी के बीचों-बीच बेकार सामग्री से सेतु का निर्माण किया गया जिसे ‘लक्ष्मण सेतु’ का नाम दिया गया है। यह लक्ष्मण सेतु इस क्वारी को 'ए' और 'बी' दो भागों में बांटता है।
अधिकारियों ने बताया कि 'बी' भाग में भरे हुए पानी को आस-पास के गांवों के तालाबों में भरा गया और इस भाग को पूरी तरह खाली किया गया जिससे क्वारी का यह भाग खनन के लिए तैयार हो पाया।
उन्होंने बताया कि इस तरह उच्च कोटि का लो-सिलिका ग्रेड लाइम स्टोन प्राप्त होने का मार्ग प्रशस्त हुआ। नंदिनी के इस क्वारी से प्राप्त लाइम स्टोन मध्य प्रदेश स्थित कुटेश्वर खदान से प्राप्त लाइम स्टोन जैसा ही उच्च दर्जे का अयस्क है। इस क्वारी से बीएसपी को उच्च दर्जे की लाइम स्टोन की जरूरत को पूरा करने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि मंत्री कुलस्ते ने नंदिनी के इस क्वारी से प्राप्त लाइम स्टोन के डम्पर को हरी झंडी दिखाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी और नंदिनी खदान के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY