प्रयागराज, छह अगस्त इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए वी सेफ अलमीरा का निर्माण किया है। इसका उपयोग दैनिक इस्तेमाल के कपड़े और सामान को वायरस से मुक्त करने के लिए किया जा सकता है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एक विज्ञप्ति के मुताबिक, विश्वविद्यालय के सिनेट हाउस परिसर में वृहस्पतिवार को वी सेफ अलमीरा का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर आर आर तिवारी द्वारा किया गया I
विज्ञप्ति के मुताबिक, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ अवध बिहारी यादव ने शोधार्थी मनीष गौर के साथ मिलकर वी सेफ अलमीरा का निर्माण किया है। यह यूवी लाइट आधारित उपकरण है। यह अलमीरा अनुसंधान ग्रेड स्टील शीट से बना है जो कि उपयोगकर्ता को यूवी प्रकाश के प्रत्यक्ष जोखिम से बचाता है।
डॉ यादव ने बताया कि कपड़े और सामान को सही तरह से कीटाणु मुक्त करने के लिए दो यूवी-सी ट्यूब पर्याप्त तीव्रता के साथ प्रकाश उत्पन्न करती है। यह अलमीरा टाइमर से लैस है जो यूवी लाइट के समय को नियंत्रित करता है और इसे ज़रूरत के मुताबिक अलग-अलग एक्सपोज़र टाइम के लिए सेट किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस अलमीरा के उपयोगकर्ता को यूवी प्रकाश के संपर्क से बचाने के लिए सुरक्षा का समुचित इंतजाम है। यह कैबिनेट मानक स्टील शीट का उपयोग करके बनाया गया है जिसके कारण इसमें यूवी प्रकाश के रिसाव की आशंका खत्म हो जाती है ।
इस अलमीरा का उपयोग प्रयोगशाला, पैथोलॉजी जाच केंद्र, अस्पताल और घरेलू कपड़े और छोटे सामानों को वायरस और बैक्टीरिया से मुक्त करने के लिए किया जा सकता है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की डिजाईन इनोवेशन परियोजना के अंतर्गत इस कार्य को वित्तीय सहयोग मिला है I
डॉ यादव ने बताया कि इसको शीघ्र ही बाजार में उचित दामों पर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी हैI
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY