देश की खबरें | कोविड-19 पाबंदियों और लॉकडाउन का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा : अमरिन्दर सिंह

चंडीगढ़, आठ मई पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह ने राज्य में विभिन्न स्थानों पर पाबंदियों के खिलाफ 32 किसान यूनियनों के विरोध के बीच शनिवार को दोहराया कि पंजाब में कोविड-19 से उत्पन्न विकट परिस्थितियों के चलते सप्ताहांत लॉकडाउन का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा।

किसान नेताओं का आरोप है कि सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने में नाकामी को छिपाने के लिये लॉकडाउन लागू किया है और वह केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को कमजोर करना चाहती है।

सिंह ने कहा कि ये पाबंदियां लोगों की जान बचाने के लिये लागू की गई हैं न कि किसानों के आंदोलन को ''कमजोर'' करने के लिये।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कानूनों का पुरजोर विरोध करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, '' लोगों की जिंदगियां दाव पर लगी हैं, उन्हें बचाना हमारी प्राथमिकता है और यह हर पंजाबी की जिम्मेदारी है।''

उन्होंने भारती किसान यूनियन (एकता उग्रहां) और बीके यू (एकता डकौंदा) से शुक्रवार की उनकी टिप्पणियों को गलत तरीक से पेश नहीं करने का आग्रह किया ।

सप्ताहांत लॉकडाउन के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान के बीच सिंह ने शुक्रवार को राज्य के पुलिस प्रमुख को सभी सप्ताहांत कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने और किसी भी कीमत पर इनका उल्लंघन नहीं होने देने का निर्देश दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)