New Zealand National Cricket Team vs South Africa National Cricket Team, 2nd T20I Match: न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी 17 मार्च को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैमिल्टन (Hamilton) के सेडॉन पार्क (Seddon Park) में भारतीय समयानुसार सुबह 11:45 बजे से खेला जाएगा. पहले टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका की टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली हैं. अब दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाना चाहेगी. जबकि, न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में वापसी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. इस सीरीज में न्यूजीलैंड की कप्तानी मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) कर रहे हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की कमान केशव महाराज (Keshav Maharaj) के हाथों में है. यह भी पढ़ें: Abhishek Sharma Stats In IPL: आईपीएल में अभिषेक शर्मा के दमदार आंकड़े, सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 14.3 ओवरों में महज 91 रन बनाकर सिमट गई. न्यूजीलैंड की तरफ से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 26 रनों की शानदार पारी खेली. दक्षिण अफ्रीका की ओर से नकोबानी मोकोएना ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए.
दक्षिण अफ्रीका की टीम को यह मुकाबला जीतने के लिए 20 ओवर में 92 रन बनाने थे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 16.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सलामी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइज़न ने सबसे ज्यादा नाबाद 45 रनों की धुआंधार पारी खेली.
न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका टी20 हेड टू हेड रिकॉर्ड (NZ vs SA T20I Head To Head Record)
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक कुल 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान दक्षिण अफ्रीका की टीम का पड़ला भारी रहा हैं. 13 मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका की टीम को जीत मिली है, जबकि आठ मैच न्यूजीलैंड ने अपने नाम किए हैं. हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया था. वहीं न्यूजीलैंड में खेले गए चार टी20 मैचों में न्यूजीलैंड को सिर्फ एक जीत मिली है.
न्यूजीलैंड के इन खिलाड़ियों का घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने घरेलू मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में अब तक 65 विकेट हासिल किए हैं और उनका इकॉनमी रेट 7.59 का रहा है. वहीं डेवॉन कॉनवे ने घरेलू टी20 मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है. डेवॉन कॉनवे के नाम घर में खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 46.04 की औसत से 1000 से ज्यादा रन दर्ज हैं.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज ने विदेशी धरती पर खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 7.56 की इकॉनमी से 18 विकेट हासिल किए हैं. केशव महाराज टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 50 विकेट पूरे करने से सिर्फ दो विकेट दूर हैं. इसके अलावा वह इस फॉर्मेट में अपने 50 मुकाबले पूरे करने से भी एक मैच दूर हैं.
टी20 क्रिकेट में माइलस्टोन के करीब कई खिलाड़ी
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज टोनी डी जोरजी टी20 क्रिकेट में 1500 रन पूरे करने के करीब हैं और उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 113 रनों की जरूरत है. वहीं न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 छक्के पूरे करने के लिए सिर्फ दो छक्कों की जरूरत है. इसके अलावा तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन इस सीरीज में नौ विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह टी20 क्रिकेट में 250 विकेट पूरे कर लेंगे.
नोट: न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मैच का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.












QuickLY