कोविड-19: श्रीलंका में फंसे भारतीय एक जून को स्वदेश लौटेंगे

कोलंबो, 20 मई श्रीलंका स्थित भारतीय मिशन ने कोविड-19 के प्रकोप के कारण लगे यात्रा प्रतिबंधों की वजह से द्वीप राष्ट्र में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने की व्यवस्था की है।

यह यात्रा ‘‘ऑपरेशन समुद्र सेतु’’ के तहत संचालित होगी, जिसके तहत भारतीय नौसेना के जहाज विदेशों में फंसे नागरिकों को अपने देश वापस ला रहे हैं।

भारतीय उच्चायोग ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘श्रीलंका में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए चल रहे प्रयासों को जारी रखते हुए भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस जलाश्व 1 जून, 2020 को कोलंबो बंदरगाह से तूतीकोरिन तक की यात्रा करेगा।’’

श्रीलंका में फंसे भारतीय नागरिकों की संख्या का तत्काल पता नहीं चल पाया है।

इनमें अल्पकालिक वीजा धारक प्रवासी मजदूरों, चिकित्सा आपात स्थिति वाले लोग, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग व्यक्तियों, छात्रों और अत्यंत जरूरी कार्य वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

‘‘ऑपरेशन समुद्र सेतु’’ के तहत, भारतीय नौसेना के जहाजों ने मालदीव से लगभग 1,500 भारतीय नागरिकों को लाया था।

श्रीलंका में अब तक कोरोना वायरस के 1,027 मामले सामने आए हैं, जिनमें से नौ लोगों की जान चली गई है। देश में लॉकडाउन में प्रतिबंधों को अब काफी कम कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)