देश की खबरें | कोविड-19 : किर्गिस्तान में फंसे 125 मेडिकल विद्यार्थी वंदे भारत अभियान के तहत इंदौर लाये गये

इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 जून कोविड-19 के प्रकोप के कारण किर्गिस्तान में लम्बे समय से फंसे 125 मेडिकल विद्यार्थियों को लेकर एअर इंडिया का विशेष विमान रविवार रात यहां देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।

हवाई अड्डे की निदेशक अर्यमा सान्याल ने बताया कि "वंदे भारत अभियान" के तहत एअर इंडिया का विमान किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक से दिल्ली होते हुए भारतीय मानक समय के मुताबिक रात 08:15 बजे इंदौर में उतरा।

यह भी पढ़े | भारत- चीन सीमा तनाव: एलएसी विवाद पर राहुल गांधी का तंज, कहा- नरेंद्र मोदी वास्तव में ‘सरेंडर मोदी’ हैं.

उन्होंने बताया कि इंदौर के हवाई अड्डे पर इस विमान से 125 यात्री उतरे। सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग और आव्रजन की औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ही इन यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच की गयी और उनके सामान को संक्रमणमुक्त किया गया।

इस बीच, स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि किर्गिस्तान से स्वदेश लौटे 125 छात्र-छात्राओं में इंदौर के 12 विद्यार्थी शामिल हैं, जबकि बाकी लोग मध्यप्रदेश के ही अन्य जिलों से ताल्लुक रखते हैं।

यह भी पढ़े | रूस यात्रा से पहले एलएसी मुद्दे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सीडीएस व सैन्य प्रमुखों के साथ बैठक.

अधिकारी ने बताया कि ये सभी विद्यार्थी किर्गिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे और कोविड-19 के प्रकोप के चलते वहां लम्बे समय से फंसे हुए थे।

उन्होंने बताया कि इन सभी विद्यार्थियों को उनके गृह जिलों के पृथक-वास केंद्रों में 14 दिनों तक रखा जायेगा। इंदौर के बाहर के विद्यार्थियों को उनके गृह जिलों के लिये रवाना किया गया है।

कोविड-19 के प्रकोप के कारण विभिन्न देशों में फंसे अपने नागरिकों को भारत "वंदे भारत अभियान" के तहत वापस ला रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)