देश की खबरें | कोलकाता मेट्रो उत्तर-दक्षिण लाइन पर सप्ताह के पांच दिन रात 11 बजे चलायेगा विशेष ट्रेन

कोलकाता, 24 मई कोलकाता मेट्रो अपनी उत्तर-दक्षिण लाइन पर शुक्रवार से एक विशेष रात्रि सेवा शुरू करेगा। एक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, यह सेवा प्रयोगात्मक आधार पर सप्ताह के पांच दिन (शनिवार और रविवार को छोड़कर) न्यू गरिया में कवि सुभाष स्टेशन और दक्षिणेश्वर स्टेशन के बीच शुरू की जाएगी।

बयान में बताया गया कि दोनों दिशाओं से ट्रेनें रात 11 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होंगी।

बयान के मुताबिक, ''ट्रेनें सभी स्टेशनों पर रुकेंगी। प्रत्येक स्टेशन पर एक टिकट काउंटर खुला रहेगा।''

वर्तमान में, आखिरी ट्रेन दक्षिणेश्वर स्टेशन टर्मिनल से रात नौ बजकर 28 मिनट और कवि सुभाष स्टेशन से रात नौ बजकर 40 मिनट पर निकलती है।

कोलकाता मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि पहले वाली आखिरी ट्रेन और रात 11 बजे की विशेष ट्रेन के बीच कोई दूसरी ट्रेन नहीं होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)