देश की खबरें | बेटी के जन्मदिन पर जाने की योजना में बदलाव से कोलकाता के एक व्यक्ति की ट्रेन दुर्घटना में मौत

कोलकाता, 18 जून सुभाजीत (31) ने सोमवार को बेटी सृष्टि का 11वां जन्मदिन मनाने के लिए सिलीगुड़ी से कोलकाता अपने घर जल्दी लौटने की योजना बनाई थी और सभी तैयारियां हो चुकी थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

सृष्टि के पिता सुभाजीत माली घर नहीं लौटे और उनकी मृत्यु की खबर आयी। राज्य के उत्तरी भाग में न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास रंगापानी में हुई रेल दुर्घटना में सुभाजीत की मौत हो गई।

सुभाजीत ने कंचनजंघा एक्सप्रेस में चढ़ने से पहले अपनी बेटी से वीडियो कॉल पर बात की थी और उससे वादा किया था कि वह उसके लिए जन्मदिन का केक ले कर आयेंगे और पूरे परिवार- अपने बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों- को जन्मदिन के मौके पर बाहर ले जाएगा।

अपनी बेटी को 'मां' कहते हुए, सुभाजीत ने अपनी आखिरी बातचीत के दौरान अपनी बेटी सृष्टि से कहा था कि ''मैं किसी भी कीमत पर घर वापस आऊंगा... चिंता मत करो।''

दक्षिण कोलकाता के एक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा सृष्टि भी अपने परिवार के अन्य सदस्यों की तरह यह स्वीकार नहीं कर पा रही है कि उसके पिता कभी जीवित घर नहीं लौटेंगे।

कोलकाता के बल्लीगंज इलाके में जमीर लाइन के निवासी सुभाजीत शुक्रवार को ऑफिस के कुछ काम से सिलीगुड़ी गए थे।

मृतक की रिश्तेदार प्रिया प्रधान ने पीटीआई- से कहा, ‘‘उन्हें कुछ दिनों बाद लौटना था, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी के जन्मदिन के कारण सोमवार को ट्रेन पकड़ी। इसी संस्था में काम करने वाले उनके एक सहकर्मी सूर्यशेखर पंडा भी सिलीगुड़ी गए थे। कल सुबह दुर्घटना के बाद उन्होंने घर पर किसी और के फोन नंबर से फोन करके यह खबर दी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)