देश की खबरें | कोटा में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, तीन अन्य जख्मी

कोटा (राजस्थान), 14 अप्रैल राजस्थान में कोटा के गुमानपुर इलाके में लोहे की छड़ों और धारदार हथियारों से लैस 10 हमलावारों ने 24 साल के युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी जबकि तीन अन्य को जख्मी कर दिया।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि मृतक की पहचान राजेश बंजारा के तौर पर हुई है जो भोई मोहल्ले का रहने वाला है और दिहाड़ी मज़दूर है।

गुमानपुरा के क्षेत्र अधिकारी लखन लाल ने कहा कि बंजारा ने बुधवार की रात काम से लौटते समय दो लोगों गोलू और अमन को थप्पड़ मार दिया था, जब वे इलाके में ताश खेल रहे थे।

लाल ने कहा कि इसके बाद मुख्य आरोपी, आठ अन्य लोगों के साथ बंजारा के घर में देर रात करीब एक बजे घुसा और उस पर और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि हमले में बंजारा गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

अधिकारी के मुताबिक, बंजारा को बचाने की कोशिश कर रहे उसके परिवार के तीन सदस्य भी हमले में जख्मी हो गए।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने अमन, गोलू, लकी फेफड़ा, बच्चा, बिजली और पांच अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार सुबह परिवार को शव सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)