देश की खबरें | खड़गे ने राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष पक्ष से इस्तीफा दिया

नयी दिल्ली, एक अक्टूबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

खड़गे ने यह कदम अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद उठाया।

खड़गे (80 वर्षीय) ने अपना त्यागपत्र शुक्रवार की रात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा था। उन्होंने यह कदम मई में उदयपुर में आयोजित ‘चिंतन शिविर’ में तय ‘एक व्यक्ति एक पद’ के सिद्धांत के अनुरूप उठाया है।

माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं पी. चिदबंरम, दिग्विजय सिंह और प्रमोद तिवारी राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे हैं।

शुक्रवार को स्पष्ट हो गया था कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला खड़गे और शशि थरूर के बीच होगा। खड़गे कर्नाटक के दलित नेता हैं और इस पद के लिए प्रबल दावेदार के रूप में उभरे हैं।

झारखंड के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी का नामांकन खारिज कर दिया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन के आखिरी दिन खड़गे, थरूर और त्रिपाठी ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

खड़गे ने 14 सेट में नामांकन दाखिल किया था और उनके प्रस्तावकों में अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, ए. के. एंटनी, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक और ‘जी-23’ समूह के सदस्यों आनंद शर्मा, भूपेंद्र हुड्डा, पृथ्वीराज चव्हाण और मनीष तिवारी शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)