नयी दिल्ली, एक जनवरी नव वर्ष पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को उनसे बाधाओं को तोड़ने, सहिष्णुता व करूणा के मूल्यों को पुन:जागृत करने और एक समावेशी समाज के आदर्शों को फिर से हासिल करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और प्रत्येक भारतीय को यह विश्वास दिलाने की दिशा में काम करने को कहा कि पार्टी एक धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और उदार भारत के सपनों व आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम है।
खरगे ने अपने नव वर्ष संदेश में कहा,‘‘नव वर्ष के उल्लासपूर्ण अवसर पर, मैं सभी भारतीयों को शुभकामनाएं देता हूं। यह वक्त हमें विभाजित करने वाली बाधाओं को तोड़ने तथा स्वयं के अंदर प्रेम, करूणा, सहिष्णुता और बंधुत्व के मूल्यों को पुन: जागृत करने का है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘यह वक्त हर आकांक्षा को एकजुट करने और हमें एक सूत्र में पिरो कर रखने वाले सभ्यागत आदर्शों को सुदृढ़ करने का है। आइए हम उस समावेशी समाज के विचारों और आदर्शों को फिर से हासिल करें, जहां शांति और सद्भाव हो।’’
खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा,‘‘आइए इस वर्ष हम प्रत्येक भारतीय, खासतौर पर सबसे कमजोर (लोगों) की आवाज उठाने के लिए कड़ी मेहनत करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे संविधान और लोकतांत्रिक लोकाचार को बचाने का दायित्व हम पर है। हमें एकजुट रहना है और अपने साझा मूल्यों को संरक्षित रखना है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,‘‘हर भारतीय को यह महसूस होना चाहिए कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और उदार भारत के उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने का एक माध्यम है। कांग्रेस हमेशा ही भारत के लिए खड़ी रही है और हमें इस वैचारिक जुड़ाव और अमूल्य संबंध को मजबूत करने की जरूरत है।’’
उन्होंने लोगों से नफरत को छोड़ने और भारत को एकजुट करने का अनुरोध करते हुए यह भी कहा, ‘‘आइए! हम 2023 को एक ऐसा वर्ष बनाने का संकल्प लें, जिसमें प्रत्येक भारतीय एक साथ आये और भाईचारे को मजबूत करे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY