नयी दिल्ली, 26 अप्रैल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में 10 जवानों की शहादत पर बुधवार को दुख जताया और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
खरगे ने इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर बातचीत की और कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई आखिरी दौर में है और इसमें सरकार की जीत होगी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सल विरोधी अभियान में,एक कायराना हमले में हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक की शहादत बेहद दुःखद है। वीरों को विनम्र श्रद्धांजलि। हम शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। छतीसगढ़ में नक्सलवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई आख़िरी दौर में है,हमारी सरकार इसमें जीत हासिल करेगी।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस संदर्भ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फ़ोन पर बात हुई। कांग्रेस सरकारों ने नक्सलवाद को ख़त्म करने के लिए हमेशा क़दम उठाए हैं। सबसे ज़्यादा क़ुर्बानियां भी हमारे नेताओं ने दी हैं। हम नक्सलवाद के ख़िलाफ़ एकजुट हैं और उससे लड़ते रहेंगे।’’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए कायरतापूर्ण नक्सली हमले में 10 डीआरजी जवानों और एक वाहन चालक की शहादत का समाचार दुखद है। इस कठिन वक्त में उनके शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी वीर शहीदों को मेरा नमन और श्रद्धांजलि।’’
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट में सुरक्षाबल के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की भी मृत्यु हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया है। इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की मृत्यु हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY