देश की खबरें | केरल में तिहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

कोच्चि, 17 जनवरी उत्तरी परवूर के पास चेंदमंगलम में दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की कथित तौर पर हत्या करने के आरोपी युवक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक के पड़ोसी रितु जयन (28) को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों के मुताबिक, न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने जयन को अदालत में लाए जाने पर उसके साथ हाथापाई करने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।

मृतकों की पहचान वेणु (65), उनकी पत्नी उषा (62) और उनकी बेटी विनीशा (32) के रूप में हुई थी।

पुलिस के अनुसार, विनीशा के पति जितिन बोस (35) को गंभीर चोटें आई हैं और उनका कोच्चि के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात की है, जब जयन ने छड़ (जो कथित तौर पर बाइक के साइलेंसर की है) और चाकुओं से वेणु और उनके परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में वेणु, उषा, विनीशा और जितिन बोस गंभीर रूप से घायल हो गए। बोस बच गए जबकि अन्य तीन घायलों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जयन ने कहा कि उसका इरादा केवल बोस पर हमला करना था, जो हाल ही में खाड़ी से लौटे थे।

जब वेणु और उषा ने उसे बोस पर हमला करने से रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और जब विनीशा उसकी ओर भागी, तो जयन ने उसके सिर पर भी वार किया।

पुलिस ने जांच में यह भी पाया गया कि जयन का पड़ोसियों के साथ करीब एक साल से झगड़ा चल रहा था और उन्होंने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)