कन्नूर, 14 मार्च केरल विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में आयोजित मार्गमकली प्रतियोगिता से जुड़े रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार निर्णायक मंडल के एक सदस्य बुधवार रात को अपने आवास में मृत पाए गए। उन्हें प्रतियोगिता परिणामों में हेरफेर करने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जमानत पर बाहर आए 51 वर्षीय शाजी ने बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अपने आवास पर जहर खा लिया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने कहा कि शाजी के परिवारजनों ने उन्हें मृत पाया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस की इस बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि इस मामले में जांच शुरू की गई है।
इसने बताया कि घटनास्थल से शाजी द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह निर्दोष हैं और उन्होंने प्रतियोगिता के सिलसिले में किसी से कोई पैसा नहीं लिया है।
पुलिस ने कहा कि सुसाइड नोट में शाजी ने यह भी लिखा है कि उन्होंने उन लोगों को अंक दिए जो इसके हकदार थे।
तिरुवनंतपुरम पुलिस ने शनिवार को केरल विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में आयोजित मार्गमकली प्रतियोगिता के परिणामों में हेरफेर करने के लिए रिश्वतखोरी के आरोप में शाजी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
विवाद के बाद प्रतियोगिता रद्द कर दी गई थी।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने विभिन्न शिकायतों और छात्रों के विरोध के बाद 11 मार्च को युवा महोत्सव को निलंबित कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY