तिरुवनंतपुरम,18 जून हाल के लोकसभा चुनावों में केरल से विजयी होने वाले एलडीएफ के एकमात्र उम्मीदवार और माकपा के वरिष्ठ नेता के. राधाकृष्णन ने मंगलवार को राज्य के मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया।
सूत्रों ने बताया कि उन्होंने अलाथुर निर्वाचन क्षेत्र से जीत के बाद केरल के देवस्वओम और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा संसदीय कार्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया और इस महीने के अंत में उनके नयी दिल्ली जाने की उम्मीद है।
माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य राधाकृष्णन ने यहां मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को उनके आधिकारिक आवास पर अपना त्यागपत्र सौंपा।
अपना इस्तीफा सौंपने के बाद राधाकृष्णन ने संवाददाताओं से कहा कि वह बहुत संतोष के साथ पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री के रूप में उन्होंने लोगों की अधिकतम सेवा करने का प्रयास किया।
अपने इस्तीफे से पहले राधाकृष्णन ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने आदिवासी पारिवारिक बस्तियों का वर्णन करने के लिए “कॉलोनी”, “संकेतम” और “ऊरु” शब्दों का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया था।
उन्होंने आदेश में उपरोक्त शब्दों के बजाय, उन्होंने ऐसे क्षेत्रों का वर्णन करने के लिए “नगर”, “उन्नति” और “प्रकृति” शब्दों के इस्तेमाल का सुझाव दिया।
राधाकृष्णन ने कहा, “कॉलोनी शब्द औपनिवेशिक गुलामी का प्रतीक है। इसलिए, इसका इस्तेमाल खत्म किया जाना चाहिए।”
राधाकृष्णन ने 26 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनाव में अलाथुर संसदीय क्षेत्र से 20,111 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY