तिरुवनंतपुरम, आठ अगस्त केरल के कोट्टयम जिले की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख घोषित होने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
निर्वाचन आयोग ने इस सीट के लिए उपचुनाव पांच सितंबर को कराने की घोषणा की है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चांडी ओमन की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है। यह सीट पिछले महीने ओमन चांडी के निधन के कारण खाली हुई है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) अध्यक्ष एवं सांसद के. सुधाकरन ने कहा कि एआईसीसी ने उपचुनाव के लिए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) व पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चांडी ओमन के नाम को मंजूरी दे दी है।
उन्होंने दावा किया, "चांडी ओमन भारी अंतर से जीत हासिल करेंगे।"
सुधाकरन ने यह भी कहा कि उपचुनाव राज्य में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का आकलन होगा।
इस सीट के लिए उपचुनाव पांच सितंबर को जबकि मतगणना आठ सितंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY