देश की खबरें | दिल्ली में अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर केंद्र पर बरसे केरल के मुख्यमंत्री

तिरुवनंतपुरम, 22 अप्रैल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर निशाना साधते हुए मार्क्सवादी नेता और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सवाल किया कि क्या वैश्विक भुखमरी सूचकांक में भारत के 101वें स्थान को बुलडोजर से मिटाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री पिछले अक्टूबर में जारी वैश्विक भुखमरी सूचकांक (जीएचआई) 2021 का जिक्र कर रहे थे जिसमें देश को 101वें स्थान पर रखा गया है।

अंग्रेजी और हिंदी दोनों में ट्वीट करते हुए विजयन ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के गुजरात दौरे से पहले पर्दों का इस्तेमाल कर झुग्गियों को कथित तौर पर ढंके जाने की भी आलोचना की।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता ने पूछा कि क्या इस समस्या का हल नफरत फैलाकर और सांप्रदायिक राजनीति का सहारा लेकर किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश को समाधान की जरूरत है, न कि भटकाव की।

विजयन ने ट्वीट किया, ‘‘2021 ग्लोबल हंगर इंडेक्स में, भारत 116 देशों की सूची में 101 वें स्थान पर था। क्या इस वास्तविकता को पर्दों से ढंका जा सकता है और बुलडोजर से मिटाया जा सकता है? क्या इस समस्या को नफरत फैलाने और सांप्रदायिक राजनीति का सहारा लेकर हल किया जा सकता है? हमें समाधान चाहिए, भटकाव नहीं ।’’

केरल के मुख्यमंत्री ने अंग्रेजी के साथ अपने ट्वीट का हिंदी संस्करण भी शामिल किया।

जहांगीरपुरी में उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान के खिलाफ दृढ़ रुख के लिए मुख्यमंत्री ने पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात सहित अपनी पार्टी के सहयोगियों की प्रशंसा की।

भारत जीएचआई, 2021 में कुल 116 देशों में से 101वें स्थान पर खिसक गया है और वह 2020 में 94वें स्थान पर था। भारत अपने पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से पीछे है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)