नयी दिल्ली, 31 जुलाई दिल्ली में सेवाओं से संबंधित मामलों पर अध्यादेश के स्थान पर विधेयक को संसद में शीघ्र पेश किये जाने की संभावना की पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को यहां उपराज्यपाल वी के सक्सेना से भेंट की।
राजनिवास में दोनों के बीच यह बैठक आधे घंटे से अधिक चली, लेकिन इसके बारे में दोनों में से किसी ने भी कोई टिप्पणी नहीं की है।
सूत्रों ने दावा किया कि यह बैठक ‘सौहार्दपूर्ण’ रही तथा दोनों संवैधानिक पदाधिकारियों ने दिल्ली से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘मूल रूप से यह संपर्क बैठक थी, जो असोला भाटी वन्यजीव अभयारण्य में हाल में हुए वन महोत्सव कार्यक्रम के संदर्भ में हुई, जहां सक्सेना और केजरीवाल के बीच मधुर संबंध नजर आया। ये दोनों एक साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।’’
उच्चतम न्यायालय ने 11 मई को आदेश दिया था कि दिल्ली की निर्वाचित सरकार के पास ही सेवाओं का कार्यकारी नियंत्रण होगा, जिनमें दिल्ली सरकार में नौकरशाहों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन शामिल हैं। इस निर्णय के एक सप्ताह बाद केंद्र ने यह अध्यादेश जारी किया था।
आप ने इस अध्यादेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY