देश की खबरें | केजरीवाल ने 28 जून को एनसीसीएसए की दूसरी बैठक बुलाई

नयी दिल्ली, 20 जून दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में अधिकारियों के तबादले और तैनाती पर चर्चा करने के लिए 28 जून को राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण (एनसीसीएसए) की दूसरी बैठक बुलाई है। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को प्राधिकरण की पहली बैठक हुई। बैठक में फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में कुछ गलत कार्यों में शामिल एक अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने पर चर्चा की गई।

इससे पहले दिन में केजरीवाल ने कहा था, “यह मामला स्पष्ट है इसलिए अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने के निर्णय को लेकर प्राधिकरण एकमत है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, केजरीवाल को सेवा विभाग से एक प्रस्ताव प्राप्त हुआ है जिसमें तीन अलग-अलग श्रेणियों के अनुरोध शामिल हैं। इन श्रेणियों में कुछ अधिकारियों के स्थानांतरण का विभागों का अनुरोध, रिक्त पदों पर अधिकारियों की पदस्थापना, और स्थानांतरण/तैनाती के संबंध एक अधिकारी का अनुरोध शामिल हैं।

बयान में यह भी कहा गया है कि केजरीवाल को कई अधिकारियों से शिकायतें मिली हैं कि सेवा विभाग चुनिंदा और मनमाने ढंग से तबादलों व तैनाती के अनुरोधों पर कार्रवाई कर रहा है।

बयान में दावा किया गया है कि कई अधिकारियों ने बताया है कि तबादलों के उनके अनुरोध सेवा विभाग के पास लंबे समय से बिना किसी प्रतिक्रिया के लंबित हैं।

बयान के अनुसार पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव व एनसीसीएसए के सदस्य-सचिव को इन तीन श्रेणियों के तहत सभी अनुरोधों को संकलित करने और प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए फाइल वापस भेज दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)