मुंबई, एक अगस्त तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को कहा कि वह प्रसिद्ध मराठी कवि और समाज सुधारक अन्नानभाऊ साठे को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘‘भारत रत्न’’ से सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखेंगे।
भारत राष्ट्र समिति दल के प्रमुख ने दिन की शुरुआत में महाराष्ट्र के संगली जिले के वाटेगांव में साठे की स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राव ने बताया कि तेलंगाना सरकार इस विषय पर केंद्र सरकार को पत्र लिखेगी।
उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से भी साठे को सर्वोच्च सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखने का आग्रह किया है। साठे का जन्म एक अगस्त, 1920 को हुआ था और उन्होंने 18 जुलाई, 1969 को अंतिम सांस ली थी।
साठे, पिछड़े मातंग समुदाय से थे और संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन की आवाज बन गए थे।
उन्होंने सामाजिक बुराइयों पर प्रहार करने वाली कविताएं और गीत लिखे। साठे का दलित समुदायों और अन्य वर्गों में बहुत सम्मान है।
केसीआर के नाम से मशहूर राव महाराष्ट्र में अपनी पार्टी का आधार फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पिछले महीने सोलापुर का दौरा किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY