हैदराबाद, 12 दिसंबर हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में कूल्हा प्रतिरोपण सर्जरी कराने के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने लोगों से अपील की कि वे उनसे मिलने अस्पताल न आएं क्योंकि इससे अन्य मरीजों को असुविधा हो सकती है।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख राव ने एक वीडियो संदेश में कहा कि उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने कहा है कि बाहर से आने वाले लोगों से उन्हें संक्रमण होने का खतरा है।
केसीआर ने वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं आप सभी से घर लौटने का अनुरोध करता हूं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि अगले 10 दिन तक मुझसे मिलने नहीं आएं। इस अस्पताल में सैकड़ों मरीजों का इलाज चल रहा है। उनकी सुरक्षा भी हमारे लिए महत्वपूर्ण है।’’
राव ने आश्वासन दिया कि ठीक होने के बाद वह लोगों से मिलेंगे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उनके कुछ मंत्रिमंडल सहयोगी, तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, अभिनेता चिरंजीवी और अभिनेता प्रकाश उन नेताओं तथा प्रमुख हस्तियों में शामिल हैं जो अस्पताल में राव से मिल चुके हैं।
राव का आठ दिसंबर को यहां एक निजी सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में बाएं कूल्हे का सफल प्रतिरोपण हुआ था। इससे पहले अपने निवास पर गिर जाने से उनके कूल्हे में ‘फ्रैक्चर’ हो गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री के छह से आठ महीने में पूरी तरह ठीक होने की संभावना है। उनका इलाज कर रहे अस्पताल ने यह बात कही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY