देश की खबरें | कर्नाटक की कांग्रेस सरकार गहरी नींद में है: येदियुरप्पा

कोलार (कर्नाटक), 17 सितंबर कर्नाटक में सूखे को लेकर कांग्रेस सरकार के गहरी नींद में होने का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करने के लिए राज्य में यात्रा करेगी और 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले खुद को मजबूत करेगी।

सिद्धरमैया की अगुवाई वाली राज्य सरकार के कामकाज के तौर-तरीके की आलोचना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह पड़ोसी राज्य के दबाव में आकर तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का पानी छोड़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर और पार्टी द्वारा शुरू की जाने वाली यात्रा से पूर्व येदियुरप्पा और कई अन्य भाजपा नेता यहां कुरुदुमाले के भगवान गणेश मंदिर गये तथा उन्होंने वहां पूजा-अर्चना की।

मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘ वह एक बार फिर प्रधानमंत्री बनें, यही प्रार्थना करने के लिए मैं अन्य पार्टी नेताओं के साथ आया हूं।’’

कर्नाटक में गंभीर सूखा पड़ने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने जनहित को पूरी तरह भूला दिया है तथा वह गहरी नींद में है। उन्होंने कहा कि इस सरकार को जगाने की जरूरत है।

येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘ आज कुरूडमाले के भगवान गणेश की पूजा -अर्चना करने तथा कल गौरी-गणेश उत्सव मनाने के बाद मैं पार्टी को मजबूत करने तथा इस सरकार की विफलताओं के बारे में लोगों को बताने के लिए पार्टी के अन्य नेताओं के साथ राज्य के सभी जिलों की यात्रा करूंगा। भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद इस सरकार के खिलाफ हमारा आंदोलन शुरू होगा। दरअसल ऐसी सोच हो चली कि यह सरकार उतनी ही अच्छी है जितना कि लोगों के लिए मरे व्यक्ति।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम हर जिले में जायेंगे और उस दौरान हम पार्टी कार्यकर्ताओं में विश्वास जगाने के लिए उनके साथ बैठकें करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है तथा पिछली बार की भांति भाजपा का कर्नाटक में 25 से अधिक ((28 में से) सीट जीतने का लक्ष्य है।

येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘ हम यह मोदी को उपहार के तौर पर देना चाहते हैं और हम इस दिशा में ईमानदारी से प्रयास करेंगे। हमें ऐसा कर लेने का भरोसा है।’’

जनता दल सेकुलर के साथ भाजपा के गठजोड़ के विषय पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बाचतीत चल रही है और इस पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर छोड़ दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)