देश की खबरें | कर्नाटक: नैतिक पहरेदारी के आरोप में बजरंग दल के तीन कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस

मंगलुरु(कर्नाटक), 21 जुलाई पुलिस ने शहर में नैतिक पहरेदारी (मोरल पुलिसिंग) की दो घटनाओं में संलिप्त रहने के लिए बजरंग दल के तीन कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर उन्हें पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) के समक्ष पेश होने और बार-बार अपराध करने को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

शहर के पुलिस आयुक्त कुलदीप कुमार आर. जैन ने यहां पत्रकारों से कहा कि बार-बार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए 60 लोगों को पहले ही दक्षिण कन्नड़ जिले से बाहर कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि नैतिक पहरेदारी की घटनाओं के मामले में तीन आरोपियों सहित कई अन्य अपराधियों को बाहर करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

जैन ने कहा कि (बजरंग दल के) तीन कार्यकर्ताओं, अट्टावर के. बालचंद्र और गणेश और शक्तिनगर की जया प्रशांत को नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे पूछा गया है कि उन्हें जिला बदर क्यों नहीं किया जाना चाहिए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नैतिक पहरेदारी से जुड़े मामलों के तीन आरोपियों को एक साल की अवधि के लिए जिला बदर किये जाने की संभावना है।

सूत्रों ने बताया कि कानून व्यवस्था और समाज में शांति बनाए रखने के लिए कार्रवाई शुरू की जा रही है।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पिछले साल छह दिसंबर को शहर में आभूषण की एक दुकान में काम करने वाली लड़की से संबंध रखने के कारण अल्पसंख्यक समुदाय के एक लड़के पर हमला करने का आरोप है।

इन कार्यकर्ताओं पर इस साल मार्च में मरोली में होली उत्सव को बाधित करने का भी आरोप है, जब उन्होंने अन्य समुदाय के लड़कों और लड़कियों के उत्सव में शामिल होने पर आपत्ति जताई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)