बेलगावी (कर्नाटक), पांच दिसंबर कर्नाटक के श्रम मंत्री संतोष एस. लाड ने मंगलवार को विधानसभा को आश्वस्त किया कि कर्नाटक सरकार दर्जी और बुनकरों समेत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विशेष सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उपकर के संग्रह पर विचार करेगी, जैसा कि निर्माण क्षेत्र में पहले से ही किया जा रहा है।
मंत्री प्रश्नकाल के दौरान तेरडाला के विधायक सिद्दू सावदी और कापू के विधायक गुरमे सुरेश शेट्टी के सवाल का जवाब दे रहे थे।
मंत्री ने कहा, ‘‘राज्य में हर निर्माण कार्य पर एक फीसदी का उपकर लगाया जा रहा है। कर्नाटक भवन और अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड ने इसके तहत एकत्र धन से निर्माण श्रमिकों के लिए कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू की हैं।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए एक सामाजिक सुरक्षा बोर्ड है, जो ‘आंबेडकर कार्मिक सहाय हस्त योजना’ के तहत कुली, कूड़ा बीनने वाले, दर्जी, मैकेनिक, बढ़ई, सुनार, लोहार सहित असंगठित श्रमिकों की 11 श्रेणियों को निःशुल्क पंजीकरण और पहचान पत्र जारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में सिलाई के काम में 7,28,044 लोग लगे हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY