बेंगलुरु, 26 अगस्त कर्नाटक सरकार ने डिग्री कॉलेजों में एक अक्तूबर से नियमित कक्षाएं शुरू करने को मंजूरी दे दी है। उप मुख्यमंत्री डॉ सीएन अश्वथ नारायण ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अश्वथ ने साथ ही कहा कि कॉलेजों को खोलने के बारे में उच्च शिक्षा विभाग केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का इंतजार करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि इस बारे में अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण लगे लॉकडाउन के चलते कॉलेज मार्च से बंद हैं।
नारायण जो कि उच्च शिक्षा मंत्री भी हैं, ने कहा कि एक सितंबर से ऑनलाइन कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी।
यह भी पढ़े | Maharashtra Stamp Duty: महाराष्ट्र में घर खरीदना हुआ सस्ता, स्टाम्प ड्यूटी 5% से घटकर 2 फीसदी हुई.
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार ने सभी अकादमिक गतिविधियों को अगले महीने से डिजिटल तौर पर शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, अक्टूबर में सभी कॉलेज खुल जाएंगे और छात्र उनमें व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित हो सकते हैं।’’
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के बाद ऑफलाइन कक्षाएं (व्यक्तिगत उपस्थिति) शुरू करने की व्यापक तैयारी राज्य सरकार कर चुकी है।
हालांकि ये संकेत उन्होंने नहीं दिए कि स्कूल कब खुलेंगे।
कर्नाटक में कोविड-19 के मामले तीन लाख के करीब पहुंचते दिख रहे हैं तथा मंगलवार को यहां संक्रमण के 8,161 नए मामले सामने आए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY