देश की खबरें | कर्नाटक : महिला को ‘धमकाने’ के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा के खिलाफ मामला दर्ज

मैसुरु (कर्नाटक), 30 सितंबर मैसुरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) ‘घोटाले’ में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ शिकायतकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा के खिलाफ संपत्ति के एक मामले में एक महिला को कथित रूप से धमकाने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मैसुरु जिले के नंजानागुड की रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि कृष्णा ने 18 जुलाई को उसे और उसकी मां को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी और उससे एक संपत्ति को लेकर उसके ससुराल पक्ष के साथ जारी विवाद से दूर रहने को कहा था।

इस संपत्ति में महिला के दिवंगत पति का भी हिस्सा है।

प्राथमिकी 21 अगस्त को दर्ज की गयी।

कृष्णा ने आरोपों को ‘फर्जी’ करार दिया और पुलिस से मामले की जांच की मांग करते हुए यह पता लगाने को कहा कि कथित घटना के वक्त वह कहां था।

लोकायुक्त पुलिस ने कृष्णा की याचिका पर एक विशेष अदालत के निर्देश पर एमयूडीए भूमि आवंटन मामले में सिद्धरमैया के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)