देश की खबरें | कर्नाटक: भाजपा नेता पर हमले के आरोप में कांग्रेस एमएलसी के खिलाफ मामला दर्ज

बेलगावी (कर्नाटक), पांच दिसंबर बेलगावी पुलिस ने सोमवार शाम को भाजपा के नेता फुपिंदर सिंह लुधर पर हुए गंभीर हमले के मामले में मंगलवार को कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चन्नराज हट्टिहोली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

हट्टिहोली कर्नाटक की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर के भाई हैं। मंत्री हेब्बालकर और उनके भाई ने कहा कि इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है।

फुपिंदर सिंह लुधर उर्फ पृथ्वी सिंह पर बेलगावी में उनके आवास के पास तेजधार हथियार से हमला किया गया था।

उन्होंने हट्टिहोली, उनके दो बंदूकधारी साथियों, सहायक साधम और एक अन्य सहयोगी सुजीत जाधव पर आरोप लगाया है।

पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर तीनों व्यक्तियों और दो अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सिंह भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रमेश जारकीहोली के करीबी सहयोगी हैं। घटना के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। विजयेंद्र ने हट्टिहोली और उनके सहयोगियों पर सिंह पर गंभीर हमला करने का आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)