देश की खबरें | कर्नाटक: नेता प्रतिपक्ष चुनने के सिलसिले में होने वाली बैठक के लिए बेंगलुरु पहुंचे भाजपा के पर्यवेक्षक

बेंगलुरु, 17 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुनने के सिलसिले में आज शाम होने वाली विधायक दल की बैठक के लिए बेंगलुरु पहुंचे।

पार्टी के दिग्गज नेता बी.एस. येदियुरप्पा के बेटे और नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य सीतारमण और कुमार का हवाई अड्डे पर स्वागत किया।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री आर. अशोक ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह और चार-पांच अन्य विधायक चाहते हैं कि उन्हें इस पद के लिए चुना जाए।

कुछ खबरों के अनुसार, अशोक, वी. सुनील कुमार, सी.एन. अश्वत्थ नारायण और ए. ज्ञानेंद्र इस पद की दौड़ में शामिल हैं। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने पिछले सप्ताह विजयेंद्र की नियुक्ति की घोषणा की थी।

भाजपा राज्य में मुख्य विपक्षी दल है।

जुलाई में हुए पिछले विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष नहीं था।

इस साल मई में हुए 224 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त जीत के साथ भाजपा को सत्ता से हटा दिया था। कांग्रेस को 135, भाजपा को 66 और जनता दल (सेक्युल) को 19 सीटों पर जीत मिली थी।

चार दिसंबर से बेलागावी में शुरू होने वाले राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष चुनने के लिए भाजपा की यह बैठक होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)