मेंगलुरु, 17 अगस्त कर्नाटक के शिवमोगा में वी.डी. सावरकर की तस्वीर लगाने को लेकर हुए विवाद के बीच भाजपा नेता यशपाल सुवर्णा ने बुधवार को पड़ोसी जिले उडुपी के ब्रह्मगिरि सर्किल पर हिंदुत्व विचारक सावरकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया।
पड़ोसी जिले में जारी तनाव के मद्देनजर पुलिस उडुपी जिले में कड़ी निगरानी बनाये हुए है।
माल्यार्पण के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव यशपाल ने आरोप लगाया कि एसडीपीआई और पीएफआई जैसे संगठन देश में अशांति पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि सरकार इनके मंसूबों को नाकाम करने का प्रयास कर रही है जबकि कांग्रेस ऐसे संगठनों का बचाव कर रही है।
भाजपा नेता ने उन कांग्रेस नेताओं को चुनौती दी, जिन्होंने सावरकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरों वाले ‘हिंदू राष्ट्र’ को दर्शाने वाले बैनर को सर्किल से हटाने की मांग की थी।
इस बीच, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस समिति कार्यालय की ओर मार्च निकाला, जिसे पुलिस ने रोक दिया।
गौरतलब है कि सोमवार को सावरकर और 18वीं सदी के मैसूरु के शासक टीपू सुल्तान के बैनर लगाने को लेकर शिवमोगा में दो समुदायों के बीच झड़प हो गयी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY